UPMASICON 2026 के प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यक्रमों का सफल आयोजन, AI एवं शोध पर केंद्रित कार्यशालाओं ने बढ़ाया अकादमिक उत्साह
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई।, 1 मई 2026: उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई में UPMASICON 2026 के अंतर्गत प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर “Generative AI for Surgeons” तथा “Research Methodology Workshop” का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश भर से आए चिकित्सकों, रेजिडेंट्स एवं शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यशालाओं के दौरान सर्जरी के क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग, शोध लेखन, डेटा विश्लेषण एवं आधुनिक तकनीकों की भूमिका पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इन सत्रों का उद्देश्य प्रतिभागियों की अकादमिक दक्षता को सुदृढ़ करना तथा चिकित्सा क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो० (डॉ०) अजय सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चाहे कितनी भी उन्नत क्यों न हो जाए, उसमें मानवीय संवेदनशीलता और अनुभव का समावेश अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि AI को प्रभावी बनाने के लिए ‘ह्यूमन टच’ अत्यंत आवश्यक है तथा चिकित्सा क्षेत्र में तकनीक और मानवीय मूल्यों का संतुलन ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की कुंजी है।
माननीय कुलपति महोदय ने UPMASICON 2026 को एक महत्वपूर्ण अकादमिक मंच बताते हुए कहा कि यह आयोजन युवा सर्जनों को सीखने, अपने शोध प्रस्तुत करने एवं विशेषज्ञों से संवाद स्थापित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा।
यह मुख्य सम्मेलन 2 एवं 3 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा। 2 मई को उद्घाटन सत्र के साथ सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ होगा, जिसमें विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चाएं, कीनोट लेक्चर एवं आमंत्रित व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। ऑब्स्ट्रक्टिव जॉन्डिस, ब्रेस्ट डिजीज, ट्रॉमा मैनेजमेंट, थायरॉयड एवं कैंसर सर्जरी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देश के प्रतिष्ठित विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे।
वहीं 3 मई को अवार्ड पेपर सेशन, मास्टर वीडियो सेशन (ओपन, लैप्रोस्कोपिक एवं रोबोटिक सर्जरी), विभिन्न पैनल चर्चाएं एवं नवीनतम तकनीकों पर व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन के अंतिम दिन श्रेष्ठ शोध पत्रों एवं पोस्टर प्रस्तुतियों को सम्मानित किया जाएगा तथा समापन समारोह के साथ कार्यक्रम का औपचारिक समापन होगा।
UPMASICON 2026 का उद्देश्य सर्जरी के क्षेत्र में नवीनतम ज्ञान, तकनीक एवं अनुभवों का आदान-प्रदान कर चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाना है।
कार्यक्रम में डॉ. आनंद मिश्रा (चेयरमैन, UPASI), डॉ. अक्षय आनंद (सेक्रेटरी, UPASI), डॉ. एस.पी. सिंह (ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन, UPMASICON 2026), डॉ. सोमेंद्र पाल सिंह (ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी, UPMASICON 2026) तथा डॉ. आर.एम. पांडेय (ICMR) की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने अपने अनुभवों एवं विचारों से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।