तेज़ गति से बढ़ रही लीवर की बीमारियां, जल्द जांच कराये जाने की अपील
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | रीजेंसी हेल्थ, कानपुर ने लोगों का ध्यान एक ऐसी बीमारी की तरफ खींचा है, जो देश में बहुत तेजी से बढ़ रही है, पर इसकी जांच बहुत ही कम होती है। दरअसल रीजेंसी कानपुर ने लीवर की बीमारियों को लेकर लोगों को चेताया है और समझाया है कि लीवर से संबंधित बहुत सी बीमारियां हैं जो शुरूआती चरणों में कोई लक्षण नहीं दिखाती हैं लेकिन धीरे-धीरे ये गंभीर होती जाती हैं। हॉस्पिटल ने लोगों से, खासकर खतरे की श्रेणी में आने वाले, से नियमित जांच और सही समय पर डॉक्टर से सलाह लेने को ज़रूरी बताया है ताकि बीमारी को जल्दी पहचाना जा सके और गंभीर समस्या होने से बचा जा सके।
रीजेंसी हेल्थ कानपुर के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी डॉयरेक्टर डॉ अभिमन्यु कपूर ने बताया, “लीवर की बीमारियों को अक्सर "साइलेंट किलर" कहा जाता है, क्योंकि आमतौर पर जब तक लीवर को बहुत ज़्यादा नुकसान नहीं पहुँच जाता, तब तक इनके कोई चेतावनी भरे लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। जब तक आपको त्वचा का पीला पड़ना (पीलिया) या पेट में सूजन जैसे लक्षण नज़र आते हैं, तब तक हो सकता है कि लीवर का पहले ही काफ़ी नुक़सान हो चुका हो। हालाँकि आप खून की जाँच या अल्ट्रासाउंड स्कैन जैसे सरल और बिना दर्द वाले टेस्ट की मदद से इन समस्याओं का पता शुरुआती स्टेज़ में ही लगा सकते हैं। डायबिटीज़ के मरीज़ों, ज़्यादा वज़न वाले लोगों, या शराब का सेवन करने वालों के लिए नियमित जाँच करवाना ख़ास करके बहुत ज़रूरी है, क्योंकि बीमारी का शुरुआती स्टेज़ में ही पता चल जाने से इसे लीवर के पूरी तरह फेल होने की स्थिति तक पहुँचने से रोका जा सकता है |