बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर UPUMS सैफई में रक्तदान शिविर का विशेष आयोजन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई/ इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित ऑफिसर्स क्लब में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के सभागार में एक विशेष जयंती समारोह आयोजित किया गया, जिसमें *माननीय कुलपति डॉ. अजय सिंह* सहित वरिष्ठ अधिकारीगण, संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कुलपति द्वारा बाबासाहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मेडिसिन संकाय के संकायाध्यक्ष डॉ. आदेश कुमार ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे बाबासाहेब के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए समाज कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
*माननीय कुलपति डॉ. अजय सिंह* ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बाबासाहेब को सच्ची श्रद्धांजलि उनके विचारों को व्यवहार में उतारने से ही संभव है। उन्होंने समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों को मानवता का सच्चा सेवक बताते हुए ग्रामीण एवं जरूरतमंद क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का आह्वान किया।
कुलपति महोदय ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाजहित में करने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय निरंतर स्वास्थ्य शिविरों एवं जागरूकता अभियानों के माध्यम से दूरस्थ एवं वंचित वर्गों तक सेवाओं का विस्तार कर रहा है।
छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक समता के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।