जनपद में MR (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।जनपद में MR (मीजल्स-रूबेला) संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के उद्देश्य से आज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कैंट से ORI (Outbreak Response Immunization) अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत संबंधित क्षेत्र में कुल 3 सत्र आयोजित किए जाने हेतु विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। 3 सत्र में 200 लाभार्थियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे लक्षित बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके एवं संक्रमण के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाव हेतु टीके लगाए जाते हैं। इसी क्रम में MR (मीजल्स-रूबेला) संक्रमण की रोकथाम हेतु विशेष ORI अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में क्षेत्र में खसरा-रूबेला के कुछ मामले प्रकाश में आए हैं, जिसमें बुखार के बाद शरीर पर चकत्ते (रैश) उभर आते हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शासन, स्वास्थ्य विभाग एवं माननीय प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि खसरा-रूबेला जैसी गंभीर बीमारी का देश से पूर्ण उन्मूलन किया जाए। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए जनपद में यह विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने आमजन, विशेषकर अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं। साथ ही जहां-जहां स्वास्थ्य टीमें पहुंचें, वहां भी सहयोग करें, ताकि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए और जनपद के सभी बच्चों का सुरक्षा कवच मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), जिला प्रतिरक्षण अधिकारी (DIO), PO-JSI, SMO, डिप्टी CMO सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों द्वारा अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।