एआई के अनुप्रयोग में हुई कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर प्रतियोगिता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय अंतर्गत परिधान एवं वस्त्र विज्ञान विभाग द्वारा “टेक्सटाइल्स एवं क्लोदिंग क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के अनुप्रयोग” विषय पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता विभाग में दोपहर से प्रारंभ हुई, जिसमें स्नातक (यूजी), परास्नातक (एम.एससी.) एवं पीएच.डी. के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने 3 मिनट की पावरपॉइंट प्रस्तुति (पीपीटी) के माध्यम से वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में एआई के नवाचारों, उपयोगिता तथा भविष्य की संभावनाओं को प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने स्मार्ट टेक्सटाइल, फैशन डिजाइनिंग में एआई, गुणवत्ता नियंत्रण तथा उत्पादन प्रक्रियाओं में तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं कार्यक्रम का आयोजन विभाग की प्रभारी डॉ. अर्चना सिंह एवं डॉ. अंकिता यादव के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें डॉ. एकता शर्मा एवं डॉ. ऋतु पांडेय का विशेष सहयोग भी प्राप्त हुआ।प्रतियोगिता का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल—डॉ. संघमित्रा मोहापात्रा, डॉ. रश्मि सिंह, डॉ. एकता शर्मा एवं डॉ. ऋतु पांडेय द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, विषयवस्तु एवं नवाचार के आधार पर मूल्यांकन किया।इस अवसर पर महाविद्यालय की अधिष्ठाता (डीन) डॉ. सीमा सोनकर एवं डॉ. रश्मि सिंह भी उपस्थित रहीं और उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना तथा वस्त्र उद्योग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में नवाचार, शोध एवं तकनीकी सोच को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के अंत में विभागाध्यक्ष द्वारा सभी प्रतिभागियों एवं निर्णायकों का आभार व्यक्त किया गया।
|