मण्डल स्तरीय खादी सेमिनार आज, ग्रामोद्योगी पुरस्कार भी होंगे वितरित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | जिला/परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर मण्डल, अशोक कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर मण्डल के तत्वावधान में “खादी के शोध, डिजाइन, मानकीकरण एवं प्रचार-प्रसार योजना” के अंतर्गत मण्डल स्तरीय खादी सेमिनार का आयोजन 28 मार्च, 2026 को प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 02:30 बजे तक किया जाएगा। यह कार्यक्रम छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के यूआईईटी विभाग के लेक्चर हॉल (व्याख्यान कक्ष) संख्या-01 में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खादी को पर्यावरण अनुकूल, स्वदेशी, प्राकृतिक एवं सस्टेनेबल फैब्रिक के रूप में बढ़ावा देना है। साथ ही, विलुप्त होती खादी एवं स्वदेशी उत्पादों के प्रति आम जनमानस, विशेषकर युवा पीढ़ी को जागरूक एवं आकर्षित करना है, ताकि स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहन मिल सके। सेमिनार के दौरान मण्डल स्तरीय ग्रामोद्योगी पुरस्कारों का वितरण भी किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्रामोद्योगियों को सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन/खादी एवं ग्रामोद्योग/हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग/रेशम विभाग) राकेश सचान की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
|