107 साल पुराने राधा-कृष्ण मंदिर में बेहतर होंगी यात्री सुविधाएं
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।करीब 107 वर्ष पुराने पी रोड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यात्री सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं। पर्यटन विभाग की 52 लाख रुपये की परियोजना के तहत मंदिर परिसर में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के माध्यम से मंदिर परिसर में यात्री शेड, टॉयलेट ब्लॉक, विद्युत कार्य, सेप्टिक टैंक, रेलिंग, बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सबमर्सिबल पंप, सोलर लाइट और स्टोन बेंच सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं। परियोजना पूरी होने पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक व्यवस्था मिलेगी और परिसर अधिक व्यवस्थित दिखाई देगा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रत्येक दशा में 26 अगस्त तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने अकारण विलंब पर नाराजगी जताते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियर को फटकार लगाई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने को कहा।निरीक्षण के दौरान पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम सहित उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।