यूपीयूएमएस, सैफई में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ संकल्प समारोह का आयोजन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई के मनोचिकित्सा विभाग द्वारा दिनांक 2 अगस्त 2026 को "नशा मुक्त युवा, विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत संकल्प समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारीयों एवं चिकित्सा संकाय की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अपने संबोधन में उपस्थित अतिथियों ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास में भी गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने कहा, "देश का युवा वर्ग भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। विकसित भारत के निर्माण का सपना तभी साकार होगा, जब हमारे युवा नशे एवं अन्य सभी बुरी आदतों से स्वयं को दूर रखकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाएंगे। प्रत्येक युवा का यह दायित्व है कि वह स्वयं नशामुक्त रहे और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करे। मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूँ कि उन्होंने 'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' जैसे जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। यह अभियान स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है।"
कार्यक्रम के दौरान मनोचिकित्सा विभाग के सहायक आचार्य डॉ. प्रशांत चौधरी ने सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों को "नशा मुक्त युवा, विकसित भारत" की शपथ दिलाई। सभी प्रतिभागियों ने स्वयं नशामुक्त रहने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस आयोजन के माध्यम से उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई ने नशामुक्त परिसर के निर्माण, युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा "नशा मुक्त भारत" एवं "विकसित भारत" के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दृढ़ता से अभिव्यक्त किया।