उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में थैलेसीमिया एवं हीमोफीलिया की उच्च स्तरीय लैब का शुभारंभ।
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में अब थैलेसीमिया एवं हीमोफीलिया की जाँच अब अस्पताल के विशेष लैब में हो सकेगी। इस प्रयोग शाला की शुरुआत करते हुए कुलपति मा0 डॉ अजय सिंह ने कहा कि इस प्रयोगशाला को विश्वविद्यालय में पैथोलॉजी विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष स्वर्गीय (डॉ.) पिंकी पांडेय की स्मृति में संचालित किया जायेगा।
नवस्थापित प्रयोगशाला थैलेसीमिया एवं हीमोफीलिया से पीड़ित रोगियों को उच्च गुणवत्ता, समयबद्ध एवं किफायती निदान सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित की गई है। आधुनिक एवं उन्नत नैदानिक सुविधाओं से सुसज्जित यह प्रयोगशाला रोगों की शीघ्र पहचान, समय पर निदान तथा प्रभावी रोग प्रबंधन को सुदृढ भूमिका बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
थैलेसीमिया एवं हीमोफीलिया दोनों ही बीमारियां वंशानुगत रक्त विकार के चलते होती हैं। इससे हीमोग्लोबिन प्रभावित होता है। कुलपति महोदय ने कहा कि इस विशेषीकृत प्रयोगशाला की स्थापना रोगी देखभाल को सशक्त बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण उपलब्धि है एवं चिकित्सा में उत्कृष्टता तथा समुदाय को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है।