लोअर टीशर्ट कारखाने से लाखों की सिलाई मशीनें चोरी, पुलिस जांच में जुटी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीपुर मोड़ स्थित कारखाने से चोरों ने लाखों रुपये की सिलाई मशीनें और जनरेटर चोरी कर लिए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हाथीपुर गांव निवासी आस्ताफ अहमद का हाथीपुर मोड़ हाईवे किनारे 'जोया फैशन' नाम से कारखाना है, जहां लोअर और टी-शर्ट का निर्माण होता है। शनिवार सुबह जब आस्ताफ अहमद कारखाने पहुंचे और शटर खोला, तो उन्होंने देखा कि पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था। अंदर रखी सिलाई मशीनें और जनरेटर गायब थे। पीड़ित के अनुसार, चोर एक बड़ी सिलाई मशीन (लगभग 65 हजार रुपये), छह अन्य सिलाई मशीनें (प्रत्येक लगभग 35 हजार रुपये) और एक जनरेटर चोरी कर ले गए हैं। महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक जनार्दन सिंह ने बताया कि उन्हें शिकायत मिल गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
|