गंगा में डूबे दो युवक, एक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। शनिवार को परमट के कमलेश्वर घाट पर गंगा नहाने गये दो युवक डूब गए। चीख-पुकार सुन वहां मौजूद नाविकों ने एक युवक को तो बचा लिया, लेकिन दूसरा डूब गया। नाविकों की सूचना पर ग्वालटोली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से डूबे हुए युवक की तलाश शुरू कर दी। करीब डेढ़ घंटे बाद डूबे हुए युवक पंकज रावत (22) का शव गोताखोरों ने तलाश लिया।शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उन्नाव के रहने वाले दो दोस्त अनुज कुशवाहा (27) और पंकज रावत (22) शनिवार को परमट दर्शन करने आए थे। दर्शन करने के बाद दोनों दोस्त परमट के कमलेश्वर घाट पर गंगा नहाने के लिए उतर गए। नहाने के दौरान दोनों गहराई में चले गए और पानी के बहाव की चपेट में आने से गंगा में डूबने लगे। दोनों की चीख-पुकार सुन घाट पर मौजूद नाविक स्टीमर से पहुंचे। नाविकों ने बताया कि उन्होंने डूब रहे अनुज कुशवाहा को लाइफ सेविंग जैकेट देकर बचा लिया। जबकि पंकज रावत देखते ही देखते पानी के भीतर समा गया। जब तक गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाई पंकज लापता हो गए। गोताखोरों ने मामले की सूचना ग्वालटोली थाने की पुलिस को दी। थाना प्रभारी रवि कुमार फोर्स ने गंगा में डूबे पंकज रावत की तलाश में गोताखोरों की एक टीम को गंगा में उतारा। जानकारी मिलते ही दोनों युवकों के परिजन घाट पर पहुंच गए। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पंकज का शव पुलिस ने गंगा से पंकज का शव खोज निकाला। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता दुर्गा प्रसाद बदहवास होकर जमीन पर गिर पड़े। भाई का रो-रोकर बुरा हाल, वहां मौजूद परिवार के लोगों और पड़ोसियों ने संभाला। मृतक पंकज के पिता ने उन्नाव के थाना दही के चांदपुर निवासी खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मृतक पंकज सिम पोर्ट करने का काम एक टेलीकॉम कंपनी में करता था। मौत की जानकारी मिलने के बाद से परिवार में कोहराम मच गया।
|