पड़ोसियों द्वारा की गई अभद्रता से आहत युवक ने जहरीला पदार्थ खाया, हुई मौत
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l 24 जून.2026 को थाना कुरारा क्षेत्रान्तर्गत चौकी बेरी के ग्राम ककरऊ से सूचना प्राप्त हुई कि दीपू सिंह उर्फ कमल सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी ग्राम ककरऊ, थाना कुरारा, जनपद हमीरपुर द्वारा जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया गया है। सूचना पर पीआरवी-112 द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे उसके सगे भाई दुष्यंत सिंह के साथ उपचार हेतु सीएचसी कदौरा, जनपद जालौन ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने से पूर्व एक वीडियो बनाकर अपने नामित पड़ोसियों पर अभद्रता एवं मारपीट करने तथा पुलिस सहयोग न मिलने का आरोप लगाया गया है।
प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मृतक द्वारा अपने साथ आरोपीगण द्वारा एक दिन पूर्व कथित मारपीट, अभद्रता अथवा प्रताड़ना के संबंध में स्थानीय पुलिस को किसी भी प्रकार की लिखित, मौखिक अथवा अन्य माध्यम से कोई सूचना नहीं दी गई थी।
उक्त वीडियो एवं मृतक के भाई द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना कुरारा पर मु0अ0सं0 154/2026, धारा 108 बीएनएस के अंतर्गत 13 नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। प्रकरण की गहन एवं निष्पक्ष विवेचना की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है।