पीएम प्रस्तावित शहर आगमन पर भाजपा कोर कमेटी की बृहत बैठक सम्पन्न
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जुलाई के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर आगमन एवं जनसभा की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी महानगर कोर कमेटी की बृहत बैठक भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में कानपुर उत्तर, दक्षिण एवं ग्रामीण जिले के कोर ग्रुप के सदस्यों ने सहभागिता करते हुए प्रस्तावित जनसभा की व्यवस्थाओं एवं संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की।बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा की समस्त व्यवस्थाओं के संचालन हेतु लगभग 3 हजार सूचीबद्ध कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। ये कार्यकर्ता सभा स्थल पर आगंतुकों के स्वागत, मार्गदर्शन, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा समन्वय तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का दायित्व संभालेंगे।क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों, समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा प्रबुद्ध वर्ग के प्रतिनिधियों को विशेष रूप से सूचीबद्ध कर जनसभा में आमंत्रित किया जाएगा। मंगलवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्षेत्रीय मीडिया प्रत्येक बूथ पर पीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम पर विशेष बैठक होगी, जिसमें बूथवार कार्यकर्ताओं को जनसभा तक लाने एवं अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने की रणनीति तैयार की जाएगी। पीएम आगमन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। कार्यकर्ताओं को अभी से पूर्ण ऊर्जा और समर्पण के साथ जनसभा की तैयारियों में जुटना होगा।बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह, उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, ग्रामीण जिला अध्यक्ष उपेंद्र पासवान, क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, उप्र महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता, क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह, आनंद राजपाल विधायक नीलिमा कटियार सहित तीनों जिलों के निवर्तमान जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री एवं कोर ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहे।
|