यूपीकैटेट 2026 : परास्नातक प्रवेश परीक्षा में 70 तथा एबीएम में 21 रहे अनुपस्थित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | उप्र संयुक्त कृषि एवं प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा (यूपीकैटेट-2026) के गुरुवार को परास्नातक (पीजी), पी एचडी एवं एबीएम पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए शहर के तीन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार स्नातकोत्तर एवं पी एचडी प्रवेश परीक्षा के लिए 785 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 715 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 70 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में एबीएम प्रवेश परीक्षा हेतु 132 छात्र पंजीकृत थे जिनमें 111 ने प्रवेश परीक्षा दी तथा 21 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कुलसचिव रेनू सिंह ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज पनकी रोड कल्याणपुर तथा सरदार पटेल पब्लिक स्कूल जूही बर्रा, को परीक्षा केंद्र बनाया गया। अभ्यर्थियों की पहचान पत्रों की जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन और आवश्यक दस्तावेजों के मिलान के बाद ही प्रवेश दिया गया। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉक्टर खलील खान ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई गई। यूपीकैटेट के माध्यम से प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर सहित कृषि, उद्यान, वानिकी, कृषि अभियांत्रिकी, पशु चिकित्सा एवं अन्य कृषि संबंधी पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा परिणाम 30 जून को घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित है।
|