एडीजी जोन ने साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम" का दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारम्भ
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस झांसी।श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा जनपद झांसी भ्रमण दौरान रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी/थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी कर साइबर अपराध, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं, प्रभावी अभियोजन, अपराधियों के विरुद्ध की जा रही कार्यवाहियों तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं के सम्बन्ध में समीक्षा गोष्ठी की गयी। समीक्षा गोष्ठी के दौरान साइबर अपराधों की रोकथाम एवं त्वरित अनावरण, जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, संवेदनशील प्रकरणों में प्रभावी कार्यवाही, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आगामी चुनौतियों एवं प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को सतर्कता, उत्तरदायित्व एवं समन्वय के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। तत्पश्चात् उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसी प्रकार
श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा जनपद झांसी भ्रमण दौरान पण्डित दीनदयाल सभागार में आयोजित "ऑपरेशन जागृति एवं साइबर क्राइम अवेयरनेस कार्यक्रम" का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने महिलाओं, बच्चों एवं समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक बनाने हेतु संचालित ऑपरेशन जागृति के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया धोखाधड़ी एवं बैंकिंग साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। उपस्थित जनसमूह से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज अथवा ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सतर्क रहें तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नम्बर 1930 एवं साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।