एक माह से वाटर कूलर खराब, राहगीरों व व्यापारियों को हो रही परेशानी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l भीषण गर्मी के बीच कस्बे के मुख्य बाजार और इंगोहटा में लगे सार्वजनिक वाटर कूलर खराब होने से लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से बंद पड़े इन वाटर कूलरों के कारण राहगीरों, दुकानदारों और यात्रियों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। नगर पंचायत द्वारा लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए थे। इनमें से मुख्य बाजार में थाना परिसर के बाहर स्थापित वाटर कूलर कई दिनों से खराब पड़ा है। इसके चलते बाजार आने वाले लोगों और दुकानदारों को गर्मी में राहत नहीं मिल पा रही है। सब्जी मंडी के दुकानदार आशीष, जमील, नूर मोहम्मद, रामविलास और रामकिशोर ने बताया कि वाटर कूलर बंद होने से उन्हें मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। वहीं, इंगोहटा बस स्टैंड के पास लगा वाटर कूलर करीब एक माह से खराब है। मनोज, धनीराम, कल्लू, संजय, सिराज खान और अरविंद तिवारी सहित स्थानीय लोगों ने बताया कि बस स्टैंड और बैंक के पास होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री और खाताधारक आते हैं, लेकिन पेयजल सुविधा बंद होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द वाटर कूलरों को दुरुस्त कराने की मांग की है। इंगोहटा के प्रधान प्रतिनिधि गुरु प्रताप सिंह ने बताया कि उन्हें इस संबंध में पहले जानकारी नहीं मिली थी। सोमवार को वाटर कूलर को ठीक कराने का प्रयास किया जाएगा।