बबूल के पेड़ से लटका मिला बुजुर्ग का शव, दो दिनों से था लापता
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l बिवांर थाना क्षेत्र के छानी गांव में एक बुजुर्ग का शव खेत में पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान छानी गांव निवासी लक्ष्मी प्रसाद अनुरागी 62 वर्षीय के रूप में हुई है। उनका शव गांव के ही एक खेत में स्थित बबूल के पेड़ से लटका मिला। परिजनों के अनुसार लक्ष्मी प्रसाद 9 जून को घर से निकले थे और इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिवार के लोग उनकी तलाश कर रहे थे।घटना की सूचना मिलने पर बिवांर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। ऐसे में मौत के कारणों को लेकर सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। थाना प्रभारी नंदराम प्रजापति ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों एवं अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
|