गत्ता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की 9 गाड़ियों ने घंटोंकी मशक्कत से पाया काबू
- गैस सिलेंडरों के धमाकों से विकराल हुई आग
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। गत्ता फैक्ट्री में गुरुवार तड़के शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में लपटों ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में फैक्ट्री से रखे चार गैस सिलेंडर आ गए। इसके बाद एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे। धमाके सुन आस-पड़ोस के लोग सहम गए। गैस सिलेंडरों के चपेट में आते ही 10-10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं।
इलाकाई लोगों ने किदवई नगर पुलिस और दमकल को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में पांच फायर स्टेशनों से करीब 9 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर काबू पाया। घटना साकेत नगर स्थित फैक्ट्री में हुई। साकेत नगर निवासी अजीत अरोड़ा की घर से कुछ दूरी पर गत्ता फैक्ट्री है। गुरुवार तड़के करीब 3 बजे फैक्ट्री में शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने फैक्ट्री में रखे डिब्बों और गैस सिलेंडरों को कुछ ही देर में अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद फैक्ट्री में हुए एक के बाद एक कई धमाकों के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची-ऊंची लपटे देख आसपास के अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही पलों में आग की लपटों से फैक्ट्री की टीनशेड ढह गई। इलाकाई लोगों ने किदवई नगर पुलिस और फायर ब्रिगेड मिनी कंट्रोल रूम पर जानकारी दी। सूचना पर किदवई नगर फायर स्टेशन ऑफिसर कामता प्रसाद पांडेय मौके पर पहुंचे। लेकिन सिलेंडरों में हो रहे धमाकों और गत्तों पर टीनशेड गिरने की वजह से आग पर काबू पाने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद गत्ता फैक्ट्री की दीवार को तोड़कर 6 सिलेंडर दमकल ने बाहर निकाले और आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया।