मेवाड़ के महान योद्धा महाराणा प्रताप की मनाई जयंती |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कुरारा,हमीरपुर l विकासखंड कुरारा के ग्राम पतारा स्थित लाल दास बाबा आश्रम में शनिवार को महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने शिरकत कर मेवाड़ के महान योद्धा महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) जितेंद्र सिंह सेंगर ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं, बल्कि भारतीय स्वाभिमान और अदम्य साहस के वैश्विक प्रतीक हैं। उन्होंने कहा:
"महाराणा प्रताप ने महलों के सुख त्याग कर घास की रोटी खाना स्वीकार किया, लेकिन कभी विदेशी आक्रांताओं की अधीनता स्वीकार नहीं की। उनका जीवन हमें सिखाता है कि मातृभूमि की रक्षा के लिए किसी भी त्याग से पीछे नहीं हटना चाहिए।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील पाठक ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को महाराणा प्रताप के आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में ऐसे महापुरुषों के बलिदान को सर्वोपरि बताया और क्षेत्र के लोगों से एकजुट होकर समाज सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सहकारी यूनियन के उप सभापति ब्रजकिशोर गुप्ता, नगर पालिका परिषद के चेयरमैन कुलदीप निषाद, कुरारा के ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल, श्री राम सेवा समिति मौदहा के आशीष सिंह, एवं शिवेंद्र सिंह शिवाजी ने भी महाराणा प्रताप के संघर्षों, आदर्शों एवं सिद्धांतों के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर ने आयोजन समिति के सदस्यों
अभिषेक सिंह गौर, अंकित सिंह, हिमांशु पांडेय, कुंदन सिंह, जितेन्द्र, सौरव, किशन सिंग, जगनायक सिंह, शेखर, निर्मल सिंह, शुभम सिंह को पटका पहना कर उत्साह वर्धन किया।
वहीं कार्यक्रम स्थल में समूचे जनपद से विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता वरिष्ठ लोगों के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
संचालन नीशू गुप्ता ने किया वही उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी सदर राजेश कमल भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे l