नाले के दुर्गंध ने आसपास की बस्तियों के वातावरण को बना दिया जहरीला |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l कस्बा सुमेरपुर के वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कस्बे के बीच से निकले मुख्य नाले की वर्षों से सफाई न होने के कारण स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है। विशेषकर आनंद गुप्ता और नवल किशोर गुप्ता के घर के बगल से गुजरे नाले की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। वर्षों से नाले की तलछट की सफाई न होने के कारण वहां कचरे का अंबार लगा हुआ है। इससे उठने वाली असहनीय दुर्गंध ने आसपास की बस्तियों के वातावरण को जहरीला बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे इस दुर्गंध भरे माहौल में रहने को विवश हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा हर पल बना रहता है।स्थानीय निवासी अमीन खान ने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन चैन की नींद सो रहा है। उन्होंने बताया कि बरसात का मौसम सिर पर है, लेकिन अभी तक नाले की सफाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। नगर पंचायत को कई बार अवगत कराया गया, फिर भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। मोहल्लेवासियों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि मानसून से पहले नाले की गहरी सफाई नहीं की गई, तो भारी बारिश के दौरान नाला ओवरफ्लो होकर सारा गंदा पानी और कीचड़ लोगों के घरों में घुस जाएगा। इससे न केवल आर्थिक नुकसान होगा, बल्कि जनजीवन भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो जाएगा। स्थानीय जनता ने जिलाधिकारी और संबंधित उच्चाधिकारियों से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले युद्ध स्तर पर नाले की सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि मोहल्लेवासियों को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सके।