तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पिकअप लोडर उड़े परखच्चे |
-दोनों गाड़ियों के चालक बुरी तरह ज़ख़्मी अस्पताल दाखिल |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ, हमीरपुर l राठ कस्बा क्षेत्र के ग्राम शैदपुर स्थित तुलसी फैक्ट्री के सामने मंगलवार सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने केमिकल से भरे ड्रमों से लदी पिकअप (लोडर) में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें लदे केमिकल के ड्रम फटने से रसायन सड़क पर फैल गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया, जिसे राहगीरों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने बताया कि एम्बुलेंस के देरी से पहुंचने पर नाराजगी भी देखने को मिली। सूचना मिलते ही थाना राठ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राठ भेजा गया। इस सड़क दुर्घटना में ट्रक चालक दीप चंद्र पुत्र अमृत सिंह निवासी सुनेरी नगर, थाना कोतवाली जनपद एटा तथा पिकअप चालक अमन निवासी कोसी, जनपद मथुरा घायल हुए। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद पिकअप चालक अमन की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया है, जबकि ट्रक चालक का उपचार जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं क्षेत्र में रॉन्ग साइड से वाहनों के संचालन के चलते इस प्रकार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं । फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है और यातायात सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।