टूटे पोल से लटकती केबिलों के जरिए बिजली आपूर्ति जारी वाह रे केस्को विभाग की अनदेखी |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l सुमेरपुर कस्बे के वार्ड संख्या पांच में विद्युत विभाग की लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है। 14 अप्रैल को नीम का पेड़ काटते समय वह विद्युत लाइन पर गिर गया था, जिससे पोल क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के पांच दिन बाद भी विभाग ने पोल नहीं बदला और उसी टूटे पोल से लटकती केबिलों के जरिए बिजली आपूर्ति जारी रखी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षतिग्रस्त पोल और ढीली लटकती केबिलें कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। इसके बावजूद विभाग केवल अस्थायी मरम्मत कर मामले को टाल रहा है। इससे वार्डवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सभासद राजेश कुमार वर्मा, राजेंद्र चौधरी, माहेश्वरीदीन, बाबूलाल, पप्पू पाल, गंगाराम और कल्लू सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि पेड़ गिरने से पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। विभाग ने पोल बदलने के बजाय केवल केबिल ठीक कर आपूर्ति चालू कर दी। वहीं अवर अभियंता का कहना है कि ठेकेदार सड़क हादसे का शिकार हो गया था, जिस कारण पोल बदलने में देरी हुई। उन्होंने आश्वासन दिया कि शनिवार शाम तक नया पोल लगा दिया जाएगा।