जागरूकता सत्र में छात्राओं को समस्याओं का सामना करने के बारे में मार्गदर्शन दिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज एंड बायोटेक्नोलॉजी में छात्राओं के लिए जागरूकता सत्र का आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विवि परिसर में सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस सत्र का संचालन प्रोफेसर अंशु यादव ने किया, जिन्होंने छात्राओं के साथ संवाद करते हुए विवि जीवन में आने वाली विभिन्न समस्याओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। जागरूकता में छात्र सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं समग्र विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने विशेष रूप से छात्राओं के हित में ऐसे सार्थक कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया। सत्र के दौरान स्वास्थ्य, पढ़ाई का दबाव, मानसिक तनाव, आपसी व्यवहार से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। छात्राओं को समस्याओं की प्रारंभिक पहचान, उचित अधिकारियों से संपर्क करने के तरीके तथा आत्मविश्वास एवं जागरूकता के साथ परिस्थितियों का सामना करने के बारे में मार्गदर्शन दिया। मानसिक सुदृढ़ता बनाए रखने, समय पर सहायता लेने एवं स्वास्थ्य और अध्ययन के बीच संतुलन बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। प्रो. वर्षा गुप्ता ने छात्राओं को समस्याओं से निपटने के व्यावहारिक उपायों के बारे में बताया तथा आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं सही निर्णय लेने के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. सोनी गुप्ता ने अपने विचार साझा करते हुए छात्राओं को कठिन परिस्थितियों में धैर्य, जागरूकता एवं सक्रियता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। स्टूडेंट वेलफेयर प्रतिनिधियों ने छात्राओं को आगे आकर अपनी समस्याएं साझा करने तथा उनके प्रभावी समाधान हेतु उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में डॉ. आलोक पांडे, डॉ. अखिलेंद्र के. भारती, डॉ. एकता खरे, डॉ. स्वस्ति श्रीवास्तव सहित लगभग 200 छात्राएं उपस्थित रहीं।
|