शराब ठेके को लेकर महिलाओं का उग्र विरोध प्रदर्शन, पुलिस से हुई तीखी झड़प
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। बर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित गुलाबी बिल्डिंग में चल रहे देशी व अंग्रेजी शराब के ठेके को लेकर क्षेत्रीय महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि इस ठेके के कारण इलाके में असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है। उनका कहना है कि यहां से गुजरने वाली बहन-बेटियों के साथ नशा में धुत लोग आए दिन छेड़खानी करते हैं जिससे क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है। क्षेत्र में रहने वाली नीतू तिवारी ने बताया कि इस ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर महिलाएं पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन कर चुकी हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। डीएम से क्षेत्रीय महिलाओं ने शिकायत की थी जिसके बाद डीएम ने 31 मार्च तक ठेके को दूसरी जगह शिफ्ट करने के आश्वासन दिया था लेकिन डीएम की दी हुई तारीख निकलने के बाद महिलाओं ने में भारी रोष देखने को मिला है जहां बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर सड़कों पर उतर आईं और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महिलाओं की मांग है कि जल्द से जल्द इस शराब के ठेके को बंद किया जाए ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे। वही इलाकाई लोगों व प्रशासन के बीच तीखी झड़प हुई इस दौरान ठेका संचालक ने अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस को भी प्रार्थना पत्र दिया गया है। जल्द ही समस्या से निजात मिले या जमा की गई राशि वापस की जाए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से मनोज, लक्ष्मी, प्रेमलता, दीपक बाजपई, रानी देवी, महेंद्र मिश्रा, गुड्डन, नंदलाल पटेल आदि मौजूद रहे।