शहर में गैस सिलेंडर किल्लत को लेकर सांसद ने लिया संज्ञान
- डीएम-कमिश्नर को निर्देश, एलपीजी वितरण की समीक्षा करेंगे सांसद
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की संभावित किल्लत की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रमेश अवस्थी ने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए। सांसद ने दिल्ली से फोन पर कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल से वार्ता कर शहर में गैस आपूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।सांसद रमेश अवस्थी ने दोनों अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कानपुर वासियों को घरेलू गैस सिलेंडर की किसी भी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर प्रशासन पूरी सतर्कता और पैनी नजर बनाए रखे, ताकि कहीं भी कृत्रिम कमी या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो।
सांसद ने यह भी कहा कि आम जनता को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं। इस संबंध में भाजपा कानपुर क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी देते हुए बताया कि कल सांसद रमेश अवस्थी जिला प्रशासन के साथ बैठक कर शहर में हो रहे गैस वितरण की विस्तृत समीक्षा करेंगे। बैठक में गैस एजेंसियों की आपूर्ति व्यवस्था, वितरण प्रणाली तथा आम जनता को हो रही समस्याओं पर चर्चा कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। भाजपा पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि सांसद रमेश अवस्थी के सक्रिय हस्तक्षेप से शहर में गैस आपूर्ति की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आम जनता को राहत मिलेगी।