महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी एवं अनिता गुप्ता ने की जनसुनवाई, 10 प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी एवं अनिता गुप्ता ने बुधवार को जनपद कानपुर नगर में महिला जनसुनवाई कर महिलाओं की समस्याओं को सुना और प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। स्थानीय सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मामलों पर विस्तार से सुनवाई की गई।
जनसुनवाई में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें घरेलू हिंसा, ससुराल पक्ष द्वारा उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, मारपीट तथा अन्य सामाजिक समस्याओं से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। आयोग की सदस्यों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों की संवेदनशीलता के साथ जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में शकुंतला देवी पत्नी देवेंद्र विश्वकर्मा ने अपने देवर द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। शालू पत्नी राघवेंद्र सिंह ने अपने पति द्वारा मारपीट एवं प्रताड़ना किए जाने की बात कही। निशात पुत्री जावेद ने ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की, जबकि निधि शर्मा पुत्री नागेंद्र शर्मा ने अपने ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट एवं मानसिक उत्पीड़न किए जाने की शिकायत आयोग के समक्ष रखी। आयोग की सदस्यों ने सभी मामलों में संवेदनशीलता के साथ जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर सदस्य पूनम द्विवेदी ने कहा कि महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अन्याय की स्थिति में बिना भय के अपनी शिकायत आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें।
सदस्य अनिता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिलाओं से जुड़े मामलों में गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।जनसुनवाई के उपरांत आयोग की सदस्यों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर महिलाओं से जुड़े प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति, महिला थाना प्रभारी कमर सुल्ताना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।