गर्मी की शुरुआत होते ही धड़ल्ले से अवैध बोतल बंद पानी का धंधा फल-फूलने लगा |
-बिना शुद्धिकरण व्यवस्था के ही भरपूर पेय पानी बाजार में बेचा जा रहा है |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सुमेरपुर,हमीरपुर l सुमेरपुर कस्बे में मानकों को ताक पर रखकर बोतलबंद पानी का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। गर्मी शुरू होते ही बिना लाइसेंस और बिना गुणवत्ता मानकों के पानी तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा है। नई बस्ती से लेकर दुग्ध डेयरी मार्ग तक कई स्थानों पर पानी तैयार करने के कारखाने दिन-रात संचालित हो रहे हैं, जबकि संबंधित विभाग इस ओर से अनजान बना हुआ है। बताया जाता है कि कस्बे में पिछले एक दशक से अधिक समय से इस तरह का अवैध कारोबार जारी है। गर्मी के मौसम में इसकी रफ्तार और बढ़ जाती है। मौजूदा समय में खुले पानी के साथ-साथ बोतल और पाउच में पैक पानी का कारोबार भी चरम पर है। अधिकांश स्थानों पर पानी तैयार करने के लिए तय मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है और बिना शुद्धिकरण व्यवस्था के ही पानी बाजार में खपाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामसूरत यादव ने बताया कि हाल ही में एक कारखाने की बोतल का नमूना जांच में फेल पाया गया था, जिसके बाद उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि कस्बे में कितने लाइसेंस धारक कारखाने संचालित हैं, इसकी जानकारी फिलहाल उनके पास नहीं है, क्योंकि वह पिछले दो माह से एसआईआर ड्यूटी में तैनात हैं।