एलपीजी संकट: सिलिंडर की लंबी कतार में खड़ी युवती बेहोश
- 15 दिन से बुकिंग पर भी खाली हाथ लौट रहे लोग
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।गैस संकट का नजारा मंगलवार को गुजैनी स्थित चंदेल गैस एजेंसी पर देखने को मिला। गैस सिलिंडर पाने की जद्दोजहद में घंटों से कतार में लगी एक युवती राधा अचानक गश खाकर गिर पड़ी और बेहोश हो गई। युवती के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।
लाइन में खड़े उपभोक्ताओं का दर्द छलक पड़ा। लोगों का कहना है कि वे पिछले 15 दिनों से बुकिंग कराने के बावजूद रोज सुबह से शाम तक कतार में लगते हैं, लेकिन उन्हें सिलिंडर नहीं मिल रहा। स्थिति यह है कि कई परिवारों को गैस लिए हुए डेढ़ महीने से अधिक का समय हो गया है और घर में चूल्हा जलना मुश्किल हो रहा है।
- न फोन मिलता है, न अधिकारी सुनते हैं
एजेंसी पर मौजूद लोगों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गैस एजेंसी का फोन कभी नहीं मिलता है। जब सीधे एजेंसी पहुंचते हैं, तो उन्हें कतार में लगने को कह दिया जाता है, लेकिन घंटों खड़े होने के बाद अंत में स्टॉक खत्म होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया जाता है।