खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में सजी सुरमयी संगीत संध्या
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी के अंतर्गत आयोजित विशेष संगीत संध्या में स्थानीय कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का आयोजन प्रदीप श्रीवास्तव म्यूजिकल ग्रुप के सौजन्य से किया गया। देर रात तक चले इस आयोजन में गीत-संगीत की मधुर स्वर लहरियां वातावरण में गूंजती रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध ग़ज़ल एवं गीत गायक प्रदीप श्रीवास्तव की भावपूर्ण प्रस्तुति से हुआ। उनकी सधी हुई एंकरिंग और मधुर गायन ने श्रोताओं को शुरुआत से ही बांधे रखा। उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके उपरांत कानपुर की प्रतिभाशाली गायिका अर्चना पांडे ने अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत गीत “यह मेरा दिल प्यार का दीवाना” पर दर्शक भावविभोर होकर झूम उठे।
कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए संजय निगम ने प्रसिद्ध गीत “छू कर मेरे मन को, किया तूने जो इशारा” प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी। वहीं गोविंद सिंह ने महान गायक मुकेश की शैली में “जाने कहाँ गए वो दिन” की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भावुक कर दिया।
युवा गायक अंकुश श्रीवास्तव ने देशभक्ति एवं प्रेम गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया। सभी कलाकारों ने आपसी समन्वय एवं समर्पण के साथ एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण संगीतमय बना रहा।
वाद्य संगत में कीबोर्ड पर अभिनव श्रीवास्तव ने मधुर एवं सधी हुई संगत प्रदान की, जबकि मनीष धोले ने इलेक्ट्रॉनिक पैड पर उत्कृष्ट ताल संगत कर कार्यक्रम को पूर्णता प्रदान की।
दर्शकों की भारी उपस्थिति, कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और सधे हुए संचालन के कारण यह संगीत संध्या अत्यंत सफल एवं यादगार सिद्ध हुई। उपस्थित जनसमूह ने सभी कलाकारों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस अवसर पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, उ.प्र. ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता सहित मनोज पाठक, अखिलेश कुमार अग्निहोत्री, राजीव द्विवेदी, मनोज शुक्ला, सर्वोत्तम तिवारी, सुशांत कोचर, वर्षा, छवि, रितेश, वरुण जौहरी, हरेन्द्र निषाद, राकेश गुप्ता, राजेश कुमार, विवेक त्रिवेदी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं जनसामान्य उपस्थित रहे।