ट्रक, बस की टक्कर से एक दर्जन यात्री घायल |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l कोतवाली क्षेत्र के मकरांव के पास रविवार को बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल कस्बे के सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के सिजवाही गांव निवासी अनूप सिंह के यहां तिलक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद करीब आधा सैकड़ा लोग बस से कानपुर जा रहे थे। मकरांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार कई यात्री घायल हो गए। हादसे में घायल होने वालों में राजाराम (60) पुत्र राम राखव, शिवप्रकाश (78) पुत्र देवीचरण, दिनेश (50) पुत्र प्यारेलाल, विनीता (43) पत्नी दिनेश, गायत्री (53) पत्नी चंद्रप्रकाश, उपेंद्र (18) पुत्र देवेश, चित्रांश (12) पुत्र देवेश, अनुराग (20) पुत्र देवेश, गौरव (18) पुत्र विकास (सभी निवासी उन्नाव शुक्लागंज), सूरज (35) पुत्र कमल कुमार (निवासी कानपुर) तथा अंकुश पुत्र रामस्वरूप (निवासी डेरापुर, कानपुर) शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से मौदहा सीएचसी भिजवाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।