खसरा-रूबेला उन्मूलन अभियान 16 से 27 फरवरी तक, जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।जनपद कानपुर नगर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा खसरा-रूबेला (मीजल्स-रूबेला) उन्मूलन अभियान 16 फरवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा। यह अभियान 4 से 6 नॉन-आर०आई० दिवसों में (बुधवार एवं शनिवार को छोड़कर) आयोजित होगा।
अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त सरकारी शिक्षण संस्थानों—स्कूलों, मदरसों आदि—में अध्ययनरत कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के सभी बच्चों का खसरा-रूबेला टीकाकरण कर उन्हें आच्छादित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से टीकाकरण हेतु प्रेरित करें, ताकि खसरा एवं रूबेला जैसे संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० हरिदत्त नेमी के नेतृत्व में आज प्रातः 9:30 बजे मां कांशीराम संयुक्त चिकित्सालय एवं ट्रामा सेंटर, कानपुर नगर से रामादेवी चौराहा होते हुए पुनः चिकित्सालय परिसर तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस रैली में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी, जेएसआई शहरी टीकाकरण टीम, डब्ल्यूएचओ के सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, आशा, एएनएम एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि खसरा-रूबेला एक गंभीर संचारी रोग है, जिसकी रोकथाम केवल टीकाकरण के माध्यम से संभव है। जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।