भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस और निर्णायक कदम: राष्ट्रीय प्रवक्ता
-प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट: गौरव भाटिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। क्षेत्रीय कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया। केंद्रीय आम बजट 2026–27 को ऐतिहासिक और दूरदर्शी बजट बताते हुए कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस और निर्णायक कदम है। श्री भाटिया ने कहा कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह उपलब्धि सशक्त नेतृत्व, पारदर्शी नीतियों और मजबूत आर्थिक प्रबंधन का परिणाम है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि बजट 2026–27 में इंफ्रास्ट्रक्चर, रेलवे, सड़क, रक्षा, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। मध्यम वर्ग को राहत, किसानों को तकनीकी सहायता और युवाओं को नवाचार के अवसर प्रदान करने की दिशा में बड़े प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि “विकसित भारत 2047” के संकल्प का रोडमैप है।उत्तर प्रदेश सरकार के आम बजट की भी सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रस्तुत यह प्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा बजट है। इसमें कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, निवेश और रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण केंद्र और प्रदेश की योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, डिफेंस कॉरिडोर और औद्योगिक निवेश जैसे विषयों पर प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र और प्रदेश दोनों के बजट विकास, सुशासन और समावेशी प्रगति के प्रतीक हैं।
- राहुल और अखिलेश पर साधा निशाना
राहुल गांधी से जुड़े सवाल के जवाब में भाटिया ने कहा कि संसद जैसी सर्वोच्च संस्था में आप्रकाशित किताब को पेश कर देश की जनता को भ्रमित करना लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार के कृत्य देश की जनता के साथ विश्वासघात के समान हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि टूटी साइकिल वाली सरकार के समय योजनाओं का लाभ धर्म विशेष के लोगों को चिन्हित कर दिया जाता था। पीडीए के अर्थ को लेकर उन्होंने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि इसका मतलब “प्रतीक, धर्मेंद्र और अखिलेश” है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का सुपड़ा साफ हो जाएगा और जनता विकास व सुशासन के साथ खड़ी रहेगी।वार्ता मैं क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, अनुराग शर्मा मनीष त्रिपाठी पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया के के सचान आदि उपस्थित रहे।