10 अप्रैल को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का शहर आगमन
- क्षेत्रीय पदाधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का 10 अप्रैल को शहर आगमन प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को क्षेत्रीय मुख्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में बैठक की। जिसमें क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष एवं संबंधित पदाधिकारी ने शिरकत की।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत एवं कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। जाजमऊ पुल पर भव्य स्वागत से लेकर क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक तक की पूरी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रम की विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर क्षेत्रीय पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों से कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ करें। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था, बैठक प्रबंधन, मीडिया समन्वय सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 10 अप्रैल को दोपहर 1 बजे जाजमऊ पुल पहुंचेंगे, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत होगा। स्वागत कार्यक्रम के बाद वे सीधे भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचेंगे, जहां कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी एवं मंडल प्रवासियों की बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, सुनील तिवारी, पवन प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह, उपेंद्र पासवान, अनिल दीक्षित, रीता शास्त्री, भूपेंद्र त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।