सरकारी वाहन डिवाइडर से टकराकर पलटा होम गार्ड की मौत उपनिरीक्षक घायल |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ ,हमीरपुर l सीएचसी राठ से थाना चिकासी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि दिनेश कुमार पुत्र मइयादीन, निवासी ग्राम बरौली खरका, उम्र लगभग 30 वर्ष की रात्रि में अधिक ठण्ड लग जाने के कारण मृत्यु हो गई है। सूचना पर पहुंची थाना चिकासी पुलिस द्वारा पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही हेतु उपनिरीक्षक मोहित देव, सिपाही महेन्द्र कुमार व होमगार्ड बृजेन्द्र कुमार सरकारी वाहन संख्या यूपी 91 जी 0145 से सीएचसी राठ के लिए रवाना हुए। पंचायतनामा की कार्यवाही उपरान्त जब उक्त पुलिस बल सरकारी वाहन से वापस थाना चिकासी आ रहे थे, तभी उरई–राठ मार्ग पर ग्राम चुरहा से लगभग 03 किमी0 पूर्व, थाना जरिया क्षेत्र में अचानक वाहन के सामने मोटरसाइकिल सवार आ जाने के कारण उन्हें बचाने के प्रयास में सरकारी वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। उक्त दुर्घटना में उप निरीक्षक मोहित देव व होमगार्ड बृजेन्द्र कुमार को गंभीर चोटें आईं। दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी गोहाण्ड पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा होमगार्ड बृजेन्द्र कुमार को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उप निरीक्षक मोहित देव को बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल उरई के लिए रेफर कर दिया गया है। मृतक होमगार्ड बृजेन्द्र कुमार कंपनी गोहाण्ड के पंचायतनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।