ग्वालटोली में लग्जरी लैंबॉर्गिनी कार का जबर्दश्त कहर |
-कई लोगों को मारी टक्कर वाहन पुलिस ने किया कब्जे में जाँच जारी!
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | ग्वालटोली थाना क्षेत्र अंतर्गत रेव-3 के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली नंबर की काले रंग की लग्जरी कार लैंबॉर्गिनी ने सड़क पर चल रहे कई लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों की मदद से उपचार के लिए भेजा गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार लग्जरी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्वालटोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए कार को कब्जे में लेकर थाने ले आई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और वाहन चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कार को थाने में खड़ा कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।