स्मार्ट सिटी की बदरंग तस्वीर : अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर के बगल में फैला 'नरक', रैन बसेरे में दमघोंटू हवा
- आईएसबीटी चुन्नीगंज के सामने कचरे के बदबूदार पानी से घिरे मुसाफिर, शिकायतों के बाद भी जोनल अफसर बेपरवाह
- शराब में धुत कर्मचारियों की बदसलूकी और नगर निगम की ढिलाई ने मुख्यमंत्री के 'ड्रीम प्रोजेक्ट' पर फेरा पानी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। हाई-टेक इंफ्रास्ट्रक्चर और 'स्मार्ट' विकास का दावा ठोकने वाले कानपुर नगर निगम की पोल चुन्नीगंज चौराहे पर खुलती दिख रही है। एक तरफ जहां करोड़ों की लागत से बना आलीशान इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर लोकार्पण की राह तक रहा है, वहीं दूसरी तरफ उसके ठीक बगल में सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन से निकलता सड़ांध मारता जहरीला पानी स्मार्ट सिटी के दावों का दम घोंट रहा है। चुन्नीगंज अंतरराज्यीय बस अड्डे से उतरने वाले मुसाफिरों का स्वागत कचरे की भीषण दुर्गंध कर रही है, तो वहीं बगल में बने नगर निगम के ही सर्वसुविधायुक्त रैन बसेरे में ठहरे लोगों का सांस लेना दूभर हो चुका है। बारिश के पानी के साथ सड़क पर बहता गीला कचरा और सीवर से भी गंदा पानी न सिर्फ राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है, बल्कि अधिकारियों की अनदेखी और डंपिंग यार्ड के कर्मचारियों की लापरवाही ने इलाके को नरक में तब्दील कर दिया है।चुन्नीगंज इंटरस्टेट बस अड्डे के एकदम सामने बने कानपुर स्मार्ट सिटी सॉलिड वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन ने ना सिर्फ नाक कटवा दी है, बल्कि नगर निगम की लापरवाही को दुनिया भर के सामने ला दिया है। यहां वेस्ट ट्रांसफर स्टेशन (डम्प) के एकदम बगल में नगर निगम का तीन माले का शानदार रैन बसेरा भी बना है, जो बेहतरीन मेंटेन है। चुन्नीगंज के अंतरराज्यीय बस अड्डे पर आने वाले बाहरी मुसाफ़िर इसी रैन बसेरा (आश्रय गृह) में रुकते हैं। लेकिन नगर नियम कर्मियों की लापरवाही और अधिकारियों की अनदेखी के कारण वेस्ट स्टेशन के अंदर फैला कचरा बरसात के पानी के साथ बहकर सड़क पर आ गया है। ये डंप स्टेशन का गीला कचरा और सीवर से भी गंदा पानी पूरे रैन बसेरे के सामने सड़क पर भर गया है। इससे ना सिर्फ दिनभर राहगीरोह के लिए चलना मुसीबत हो गया है, बल्कि इसकी दुर्गंध से आसपार के दुकानदार, आश्रय गृह में रहने वाले दर्जनों लोग और पब्लिक परेशान है। इस नगर निगम डंप स्टेशन से निकल कर सड़क पर बहते दुर्गंधयुक्त गंदे पानी के कारण रैन बसेरा में लोगों का घुसना निकलना तक दूभर हो गया है। नगर निगम के जोन 4, चुन्नीगंज में बने इस नरक जैसे गंदे कूड़ा डंप स्टेशन और रैन बसेरा के सामने बस अड्डा है तो इनके बगल में ही करोड़ों रुपए का आलीशान कन्वेंशन सेंटर है। जो नगर निगम का बेहद महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इसको लोकार्पण मुख्यमंत्री को करना है। शर्म की बात है कि इसको इंटरनेशनल स्टार का कन्वेंशन सेंटर कहने वाले भवन के बगल में नगर निगम के ही कूड़ा डंप से भीषण दुर्गंध और गंदा पानी निकालकर आसपास की सड़क और माहौल को नर्क जैसा बना रहे हैं। रैन बसेरा के संचालकों का आरोप है कि कई बार शिकायत पर भी जोनल अधिकारी समस्या सुलझा नहीं रहे। वहीं कूड़ा डंप में कार्यरत कर्मचारी हर वक्त शराब पीकर धुत्त रहते हैं।