विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस पर गंगा टास्क फोर्स के जवानों ने चलाया जन जागरूकता अभियान
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | भारतीय सेना की 137 सी ई टी एफ बटालियन (टी ए) 39 गोरखा राइफल गंगा टास्क फोर्स ने रॉयल ड्रीम वर्ल्ड स्कूल बिठूर कानपुर में छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के उपलक्ष में जन जागरूकता अभियान चलाया। इस अवसर पर रॉयल ड्रीम इंटर कॉलेज बिठूर के प्रधानाचार्य ऋषभ श्रीवास्तव, समस्त शिक्षक गण एवं छात्र, छात्राएं उपस्थित रहे। गंगा टास्क फोर्स के कमान अधिकारी कर्नल रोहित श्रीवास्तव और कानपुर स्थित कंपनी कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल प्रफुल्लित कुमार वर्मा के दिशा निर्देश पर विगत 7 सालों से गंगा स्वच्छता अभियान,पौधा रोपण, घाटों की गश्त, जागरूकता अभियान निरंतर कर रही है। इस अवसर पर गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार रणवीर सिंह ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि आज हम विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर एकत्रित हुए हैं। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस हर साल 28 जुलाई को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना जैव विविधता को संरक्षित करना और भावी पीढ़ियों के लिए स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने हेतु सतत जीवन शैली को बढ़ावा देना है। विश्व प्रकृतिक संरक्षण दिवस हमें यह संदेश देता है कि प्रकृति केवल हमारे जीवन का आधार नहीं बल्कि आने वाली भावी पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर भी है l नदियां,वन,जल, जीवजंतु, वायु और जैव विविधता का संरक्षण करना हम सब की जिम्मेदारी है। प्राकृतिक संसाधन जैसे जल वायु मिट्टी और खनिजों की रक्षा करने लुप्तप्राय जीव जंतु और पेड़ पौधों का संरक्षण करना तथा ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए हमें ठोस कदम उठाने होंगे। इन्हीं बातों का संकल्प लेते हुए स्कूल परिसर में वृक्षारोपण किया गया एवं पौधे वितरित किए गए।
|