बड़ी राहत: 19 साल बाद सीएसए छात्रों को रेलवे के किराए में आधी छूट
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में अध्ययनरत छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। छात्रों को विश्वविद्यालय से घर जाने और आने के लिए अभी तक रेल का पूरा किराया (टिकट संबंधी) देना पड़ता था। हालांकि अब छात्रों को रेलवे के किराए में सीधे 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। प्रयागराज मंडल की ओर से यह व्यवस्था चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए लागू कर दी गई है।विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. संजीव गुप्ता ने इस पर मुहर लगा दी है। विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि 19 वर्ष पूर्व विवि में पढ़ने वाले सभी छात्रों को यह सुविधा मिलती थी। इसके बाद विभिन्न कारणों से यह व्यवस्था बंद थी। इस व्यवस्था के तहत छात्रों को घर आने-जाने के अलावा विवि स्तर से किसी शैक्षिक भ्रमण पर जाने की दशा में भी ट्रेन का आधा किराया ही लगेगा। विश्वविद्यालय में देश के कई राज्यों से छात्र-छात्राएं पढ़ाई करने आते हैं।ऐसे छात्रों का ट्रेन का किराया बहुत अधिक होता है। सभी छात्रों को अब कुल टिकट मूल्य की आधी राशि व्यय करनी पड़ेगी।इस फैसले से विश्वविद्यालय के 3000 से अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे। डॉ मुकेश श्रीवास्तव ने बताया, विवि की ओर से जो नियम बने हैं उनमें छात्रों को साल में दो बार सेमेस्टर ब्रेक मिलता है। जिसमें विद्यार्थी अपने साथ सामान लेकर घर जाते हैं।किसी शोध कार्य, विवि भ्रमण या अन्य कार्यों से भी जाएंगे तो उन्हें विवि रेलवे द्वारा दिए गए कूपन मुहैया कराएगा। जिसमें ट्रेन टिकट के कुल मूल्य का 50 प्रतिशत ही भुगतान करना होगा। इस निर्णय से विश्वविद्यालय के छात्रों में खुशी की लहर व्याप्त है।
|