भूजल संरक्षण के लिए जनपदभर में चला जनजागरूकता अभियान, दिलाई गई जल संरक्षण की शपथ
*भूजल सप्ताह के तहत विकास खण्डों में रैली, श्रमदान एवं वृक्षारोपण के माध्यम से दिया गया जल संवर्धन का संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशों के अनुपालन में जनपद कानपुर नगर में भूजल सप्ताह के अंतर्गत समस्त विभागों के समन्वय से विकास खण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भूजल संरक्षण एवं जल संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के तहत भूजल गोष्ठियों, जल संरक्षण जागरूकता अभियान, श्रमदान तथा वृक्षारोपण के माध्यम से आमजन को जल बचाने और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में शासनादेश के अनुपालन में जनपद के सभी विकास खण्डों में भूजल संरक्षण एवं जल संवर्धन विषयक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने जल संरक्षण की शपथ ग्रहण की तथा रैलियों के माध्यम से लोगों को वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रमों के अंतर्गत विभिन्न तालाबों, चेकडैमों एवं अन्य जल संरचनाओं के आसपास वृक्षारोपण भी किया गया। साथ ही जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा जल के दुरुपयोग को रोकने का संदेश देते हुए लोगों से जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया गया।
प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझें, वर्षा जल संचयन को अपनाएं तथा भूजल स्तर को सुरक्षित रखने में सक्रिय सहभागिता निभाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करें।