व्यापारी संवाद एवं पंजीयन जागरूकता कार्यक्रम में व्यापारियों की समस्याओं का हुआ समाधान
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। राज्य कर विभाग, द्वारा बुधवार को हनुमान मंदिर, सुभाष बाजार हमीरपुर में व्यापारी संवाद एवं पंजीयन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना, व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना, जीएसटी पंजीकरण का दायरा बढ़ाना तथा जीएसटी 2.0 के अंतर्गत किए गए महत्वपूर्ण सुधारों एवं कर अनुपालन संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में व्यापारियों को समय से जीएसटी रिटर्न दाखिल करने, स्वैच्छिक कर अनुपालन अपनाने तथा शासन द्वारा लागू किए गए नवीन प्रावधानों का लाभ उठाने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नियमित कर अनुपालन से व्यापारियों को व्यवसाय संचालन में सुविधा मिलने के साथ-साथ राज्य की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
संवाद के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न दाखिल करने, तकनीकी समस्याओं तथा विभागीय प्रक्रियाओं से संबंधित विभिन्न प्रश्न एवं सुझाव रखे। इन सभी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान दीपक कुमार सिंह, सहायक आयुक्त, राज्य कर, खंड-1, हमीरपुर तथा धनश्याम सिंह पटेल, राज्य कर अधिकारी, हमीरपुर द्वारा विस्तारपूर्वक किया गया। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं के निराकरण के लिए विभाग सदैव तत्पर है।
इस अवसर पर व्यापारी प्रतिनिधियों में धीरेन्द्र गुप्ता, जितेन्द्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी एवं प्रतिष्ठान संचालक उपस्थित रहे। सभी व्यापारियों ने विभाग द्वारा आयोजित इस संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे व्यापारियों एवं विभाग के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में उपयोगी पहल बताया।