बरगद संरक्षण के लिए खाकी वर्दीधारी की अनूठी पहल- बरगद बचाओ महाअभियान में 5 हजार बरगद लगाने का संकल्प
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय वृक्ष बरगद के संवर्धन को लेकर जनपद में जल्द ही एक व्यापक 'बरगद लगाओ, बरगद बचाओ' अभियान शुरू किया जाएगा। पर्यावरण मित्र और अभियान संयोजक वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी अनूप कुमार मिश्रा 'अपूर्व' ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बरगद जैसे जीवनदायी विराट वृक्षों का संरक्षण, नए पौधों का रोपण और लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।बरगद (वट वृक्ष) सिर्फ एक साधारण पेड़ नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और पारिस्थितिकी का एक जीवंत स्तंभ है अपनी विशालता और औषधीय गुणों के कारण इसे भारत का राष्ट्रीय वृक्ष का दर्जा प्राप्त है।इस अभियान के तहत जनपद उन्नाव के प्रत्येक गांव में कम से कम पांच तथा स्कूलों, कार्यालय परिसरों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कम से कम एक बरगद का पौधा लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जनसहयोग से पूरे जिले में 5,000 बरगद के पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया गया है। लोगों को बरगद के धार्मिक, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व से जोड़ने के लिए शहर से लेकर गांव तक 'बरगद कथा' का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से बरगद के संरक्षण के प्रति समाज को प्रेरित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत गांव और मोहल्ला स्तर पर 'बरगद बचाओ टास्क फोर्स' का गठन किया जाएगा। साथ ही जनपद में पहले से मौजूद बरगद के पुराने वृक्षों की गणना कर उनका संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। पुराने वृक्षों और नए लगाए जाने वाले पौधों की जियो टैगिंग भी कराई जाएगी, जिससे उनका व्यवस्थित रिकॉर्ड तैयार हो सके। अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए विवाह, सगाई, जन्मदिन और अन्य शुभ अवसरों पर बरगद का पौधा उपहार स्वरूप भेंट करने की परंपरा शुरू करने की भी योजना है। सक्रिय सहयोगी पर्यावरण मित्रों के जरिये 1 लाख से अधिक लोगों को व्हाट्सएप के जरिए संदेश भेजकर इस अभियान से जुड़ने की अपील की जायेगी lपर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने वाले पुलिस सब इंस्पेक्टर अनूप कुमार मिश्रा 'अपूर्व' को लोग 'ट्री मैन ऑफ यूपी', 'ऑक्सीजन मैन ऑफ यूपी', 'डॉक्टर ऑफ ट्री' और 'पेड़ वाले पुलिस अंकल' जैसे नामों से भी जानते हैं। उनका कहना है कि यदि हर व्यक्ति एक बरगद लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस पुण्य कार्य में लोग आस-पास की खाली जमीन का चयन करें और एक बरगद का पौधा लगाकर समाज व पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
|