रेलिंग से टकराई बाइक, एक युवक की मौके पर मौत, दूसरा कानपुर रेफर
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l सुमेरपुर कस्बे में सोमवार तड़के बारात से लौट रहे दो युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर लीणा नाला की रेलिंग से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम विदोखर मेदनी निवासी महेश पाल 26 वर्षीय पुत्र कालीदीन पाल और उसका बुआ का लड़का सभाजीत पाल पुत्र सुंदर पाल सुमेरपुर स्थित कन्हैया गेस्ट हाउस में आयोजित शैलेंद्र पाल की शादी में शामिल होकर सोमवार सुबह करीब 3 बजे बाइक से गांव लौट रहे थे। हाईवे पर लीणा नाला के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग से जा टकराई। हादसे की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने महेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सभाजीत को पहले सदर अस्पताल भेजा गया और हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया।सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि महेश अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं जिस शादी समारोह में खुशियों का माहौल था, वह भी इस दर्दनाक हादसे के बाद गम में बदल गया और शादी की शेष रस्में पूरी की गईं।