एससी-एसटी आयोग सदस्य ने दलित बस्तियों की बदहाली पर जताई नाराजगी
- समीक्षा बैठक में काकादेव, गूदड़ बस्ती और भगवतदास घाट का निरीक्षण
- दलित उत्पीड़न के मामलों में तत्काल एफआईआर और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी-एसटी) आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुंडे ने सोमवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद जनसुनवाई में दलित उत्पीड़न, भूमि विवाद, मारपीट व अन्य मामलों की शिकायतें सुनते हुए पुलिस को तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक के बाद उन्होंने काकादेव, गूदड़ बस्ती और भगवतदास घाट की दलित बस्तियों का निरीक्षण किया। यहां गंदगी, जाम सीवर, खराब नालियां, पेयजल संकट और सफाई कर्मचारियों की कमी पर उन्होंने नाराजगी जताई। नगर निगम को एक माह के भीतर व्यवस्थाएं सुधारने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि पूरे शहर को साफ रखने वाले सफाई कर्मियों की बस्तियों की बदहाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, जलकल, जल निगम, पीडब्ल्यूडी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।