आर्ट एंड साइंस ऑफ साइंटिफिक राइटिंग फॉर कम्युनिटी साइंस" विषय पर हुई कार्यशाला
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय के विस्तार शिक्षा एवं संचार प्रबंधन विभाग द्वारा "आर्ट एंड साइंस ऑफ साइंटिफिक राइटिंग फॉर कम्युनिटी साइंस" विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की अधिष्ठाता डॉ. सीमा सोनकर के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ विभागाध्यक्ष डॉ. विनीता सिंह के प्रेरणादायी संबोधन से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक लेखन के महत्व, गुणवत्तापूर्ण शोध प्रकाशन तथा अकादमिक लेखन की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए उन्हें शोध कार्यों में उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।कार्यशाला की मुख्य वक्ता पीएच.डी. शोधार्थी दीक्षा श्रीवास्तव ने वैज्ञानिक लेखन की कला एवं तकनीकों पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने शोध पत्र लेखन, पांडुलिपि तैयार करने की प्रक्रिया, प्रभावी अकादमिक संप्रेषण तथा उच्च गुणवत्ता वाले शोध प्रकाशनों के विभिन्न पहलुओं पर विद्यार्थियों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर डॉ. संघमित्रा ने भी विद्यार्थियों को वैज्ञानिक लेखन की आवश्यकता एवं वर्तमान शोध परिदृश्य में इसकी प्रासंगिकता के विषय में विस्तृत जानकारी दी तथा उन्हें नियमित रूप से शोध एवं लेखन गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में विभाग की शिक्षिकाएँ डॉ. संगीता गुप्ता, डॉ. जया वर्मा एवं डॉ. ऐश्वर्या सिंह भी उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए वैज्ञानिक लेखन कौशल विकसित करने तथा शोध गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।कार्यशाला में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षकगण, शोधार्थियों एवं एम.एससी./पीएच.डी. के अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने वैज्ञानिक पांडुलिपि तैयार करने, शोध लेखन तकनीकों एवं प्रभावी अकादमिक संचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों ने ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
|