कमिश्नर आवास के पास कराटे चैंपियन को मारी गोली
- बेखौफ बदमाशों ने कानून व्यवस्था को दी खुली चुनौती
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में रविवार देर रात बदमाशों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। पुलिस कमिश्नर आवास से महज 50 कदम की दूरी पर बाइक और स्कूटी सवार छह बदमाशों ने क्रिकेट खेल रहे युवकों पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। विरोध करने पर कराटे चैंपियन अरविंद कुमार (38) के पेट में गोली मार दी गई।गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी पुलिस कमिश्नर आवास की ओर धमकाते हुए फरार हो गए। वारदात से पॉश सिविल लाइंस इलाके में दहशत फैल गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिविल लाइंस स्थित आनंदेश्वर अपार्टमेंट के पास रहने वाले अरविंद कुमार (34) रविवार रात करीब 11:30 बजे मोहल्ले के युवकों के साथ क्रिकेट खेल रहे थे। इसी दौरान लाल इमली की ओर से आए बाइक और स्कूटी सवार छह युवकों ने जानबूझकर अपने वाहन खेल के बीच तेजी से लहराते हुए निकाले। विरोध होने पर कुछ दूर जाकर आरोपियों ने तमंचे निकाल लिए और लगातार तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान अरविंद ने एक आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाश ने बेहद करीब से उनके पेट में गोली मार दी। घायल अरविंद को तत्काल हैलेट ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार गोली हड्डी और मांस के बीच फंसी हुई है तथा उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी, एसीपी कर्नलगंज समेत सात थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोली चलाने वाला आरोपी शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। वहीं, ग्वालटोली इंस्पेक्टर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि घायल का इलाज हैलेट अस्पताल में चल रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।