तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आये स्कूटी सवार दंपति की दर्दनाक मौत
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। थाना जाजमऊ क्षेत्रान्तर्गत सोलंकी धर्मकांटा के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दंपति की मौत हो गई। ट्रक के रौंदे जाने के बाद खून से लथपथ पति-पत्नी सड़क पर करीब 5 मिनट तक तड़पते रहे। एंबुलेंस आने के पहले दोनों ने दम तोड़ दिया। उधर, गुस्साए लोगों ने भाग रहे ट्रक ड्राइवर को पकड़कर पिटाई कर दी और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक की पहचान नगर निगम के रिटायर्ड सफाई सुपरवाइजर लक्ष्मीकांत शर्मा (62) और उनकी पत्नी आशा शर्मा (56) के रूप में हुई है। दोनों स्कूटी से सिद्धनाथ मंदिर पूजा करने जा रहे थे। वह पत्नी के साथ सिद्धनाथ मंदिर अपनी स्कूटी से जा रहे थे। दोनों हर शनिवार मंदिर जाते थे।सड़क दुर्घटना में दोनों की दु:खद मृत्यु हो गई। दुर्घटना से सम्बन्धित ट्रक एवं उसके चालक को पुलिस द्वारा अभिरक्षा में ले लिया। मृतकों के शवों का पंचायतनामा की कार्यवाही कर पोस्टमॉर्टम भेजा गया।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कराए जा रहे है, जिससे एक्सीडेंट होने का कारण सामने आ सकेगा। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- अमित चौरसिया कैंट एसीपी