विश्व पर्यावरण दिवस पर 150 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कानपुर के प्रमुख मारुति सुजुकी डीलर केटीएल प्रा. लि. द्वारा संचालित मधुर फाउंडेशन, कैपिटल टीवीएस वर्कशॉप और आरओ ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में उन्नाव रोड स्थित कैपिटल टीवीएस वर्कशॉप परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 150 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।कार्यक्रम में मधुमेह, रक्तचाप, नेत्र परीक्षण सहित विभिन्न रोगों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित आहार और जीवनशैली संबंधी परामर्श दिया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाओं का भी वितरण किया गया। शिविर का नेतृत्व कैपिटल टीवीएस की निदेशक श्रीमती मेघना मानसिंहका ने किया। इस अवसर पर केटीएल समूह के प्रबंध निदेशक महेंद्र अग्रवाल, निदेशक प्रशांत मानसिंहका तथा आरओ ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. अमरीन फातिमा की भी सक्रिय भागीदारी रही। चिकित्सा सेवाओं में डॉ. अमरीन फातिमा, डॉ. रुक्मणी सिंह और डॉ. अंसर अली सहित चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजकों ने स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। “प्रकृति का सम्मान, स्वस्थ रहे इंसान” थीम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मधुर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था नियमित रूप से स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती है। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।