सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर आज शहर के सजेंगे शिवालय |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l शासन के निर्देशानुसार जनपद हमीरपुर में 19 अप्रैल, 2026 को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सोमनाथ मंदिर पर 1026 ईस्वी में हुए प्रथम आक्रमण एवं मंदिर के जीर्णोद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने बताया कि जनपद के समस्त शिवालयों में भजन संध्या, रुद्राभिषेक, महाआरती, प्रवचन एवं दीपोत्सव जैसे धार्मिक कार्यक्रम जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएंगे। आयोजन से पूर्व सभी मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाने तथा कार्यक्रमों के सुचारु संचालन हेतु नोडल अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण समस्त शिवालयों में कराया जाएगा। साथ ही, जनपद से 10 श्रद्धालुओं को सोमनाथ धाम यात्रा के लिए भी भेजा जाएगा।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय से तैयारियां पूर्ण कर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित कराने के निर्देश दिए हैं।