भाजपा मनाएगी 6 से 12 अप्रैल तक स्थापना दिवस पखवाड़ा: क्षेत्रीय अध्यक्ष
- 6 अप्रैल को मुख्यालयों और कार्यकर्ताओं के घरों पर फहराया जाएगा भाजपा का ध्वज
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। भाजपा 6 से 12 अप्रैल तक 'स्थापना दिवस पखवाड़ा' के रूप में भव्य आयोजन करेगी। भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय नौबस्ता में क्षेत्रीय मॉनिटरिंग एवं पदाधिकारियों की बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बिंदुवार चर्चा की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 5, 6 और 7 अप्रैल को भाजपा के क्षेत्र, जिला एवं मंडल कार्यालयों को झालरों और फूलों की लड़ियों से विशेष रूप से सजाया जाएगा। 6 अप्रैल को स्थापना दिवस के मुख्य अवसर पर सभी भाजपा मुख्यालयों पर पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भी भाजपा का ध्वज फहराएं और पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करें। 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जिसमें वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके उपरांत 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर 'सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन' आयोजित होंगे, जिन्हें पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे। 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक पार्टी द्वारा सभी बस्तियों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी दी कि कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिलों में कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, अनिल यादव और पवन प्रताप सिंह समन्वय (कोऑर्डिनेट) करेंगे। बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री संत विलास शिवहरे,अनीता गुप्ता, शिवबीर सिंह भदौरिया, भूपेंद्र त्रिपाठी,हर्ष द्विवेदी, आलोक शुक्ला, वीरेंद्र तिवारी, हरिओम भदौरिया, सुनील शुक्ला, मनु सिंह, सौरभ कमल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।