जन अधिकार पार्टी कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाई सम्राट अशोक जयंती |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l कस्बे के ब्रजरानी हॉस्पिटल में जन अधिकार पार्टी के तत्वावधान में सम्राट अशोक जयंती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कृषि निदेशक डॉ. डी.पी. सिंह ने सम्राट अशोक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य महासचिव डॉ. संतोष सिंह भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. डी.पी. सिंह ने कहा कि सम्राट अशोक भारतीय इतिहास के महान शासक थे, जिन्होंने शक्ति के साथ-साथ शांति, करुणा और जनकल्याण का मार्ग अपनाया। उन्होंने कहा कि कलिंग युद्ध के बाद अशोक के जीवन में बड़ा परिवर्तन आया और उन्होंने हिंसा छोड़कर मानवता, दया और लोककल्याण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से सम्राट अशोक के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की।
वहीं डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि सम्राट अशोक ने बौद्ध धर्म को अपनाकर दुनिया को शांति, अहिंसा, दया और सत्य का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अशोक ने केवल एक सम्राट के रूप में शासन नहीं किया, बल्कि समाज को नैतिकता और मानवता की राह भी दिखाई। सम्राट अशोक ने अपने शासनकाल में धर्म, न्याय और लोककल्याण को सर्वोच्च महत्व दिया। उन्होंने जगह-जगह स्तूपों, स्तंभों और शिलालेखों के माध्यम से अपने संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।डॉ. संतोष सिंह ने कहा कि सम्राट अशोक ने बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए और लोगों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में अशोक स्तंभ और अशोक चक्र का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अशोक स्तंभ भारत की गौरवशाली विरासत, न्याय और सशक्त शासन का प्रतीक है, जबकि अशोक चक्र निरंतर आगे बढ़ने, सत्य के मार्ग पर चलने और धर्म के पालन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सम्राट अशोक के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।
इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य पूनम सिंह, डॉ निर्मल अग्रवाल, डॉ आरती, राजपाल राजपूत, , शैलेन्द्र अनुरागी, अमर भारती, शीरविंद्र चौधरी, यूनिस खान, सत्येंद्र शर्मा, जितेंद्र राजपूत आदि मौजूद रहे।